राहुल गांधी के अमेरिकी बयान पर भाजपा का हमला: “विदेश में देश की छवि खराब करने की आदत”

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। अमेरिका के बोस्टन में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के चुनाव आयोग और भारतीय चुनाव प्रक्रिया पर दिए गए बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तीखा हमला बोला है। भाजपा नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी की विदेश में भारत की छवि खराब करने की यह पुरानी आदत है।
भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा, “विदेशी धरती पर देश का अपमान करना राहुल गांधी की आदत बन चुकी है। ईडी की चार्जशीट में राहुल और सोनिया गांधी का नाम है और वे देश को लूटने के आरोपों में जेल भी जा सकते हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी देश में अशांति फैलाने का माहौल बना रही है। पात्रा ने तंज कसते हुए कहा, “जो लोग 50,000 रुपये की जमानत पर बाहर हैं, वे यह सोचते हैं कि विदेश जाकर भारत की छवि बिगाड़ सकते हैं, तो वे गलतफहमी में हैं।”
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने राहुल गांधी पर दोहरे रवैये का आरोप लगाते हुए कहा, “जब वे चुनाव जीतते हैं, तब चुनाव आयोग और ईवीएम ठीक लगते हैं, लेकिन जब हारते हैं, तब इन्हीं पर सवाल उठाते हैं।”
भाजपा नेता सीआर केसवन ने राहुल गांधी और सैम पित्रोदा पर निशाना साधते हुए कहा, “दोनों नेशनल हेराल्ड मामले में जमानत पर हैं और अब भारत को बदनाम करने की यात्रा पर हैं। यह भारत की संवैधानिक संस्थाओं पर एक निंदनीय हमला है।”
राहुल गांधी ने अमेरिका की ब्राउन यूनिवर्सिटी में अपने संबोधन के दौरान चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “चुनाव आयोग ने समझौता कर लिया है। महाराष्ट्र चुनाव में मतदान का आंकड़ा रातों-रात अचानक 65 लाख बढ़ गया, जो संभव नहीं है। जब हमने वीडियोग्राफी की मांग की तो उन्होंने न केवल मना किया, बल्कि कानून भी बदल दिया।”
भाजपा ने इसे भारत के लोकतंत्र को बदनाम करने और संवैधानिक संस्थाओं पर हमला बताया है।

