काशी पहुंचे भाजपा के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, बोले—बीजेपी सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। भारतीय जनता पार्टी के नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी पद संभालने के बाद पहली बार वाराणसी पहुंचे। काशी आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए संगठन, चुनाव, बजट और विपक्ष पर खुलकर अपनी राय रखी।
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि चुनाव आयोग द्वारा कराई जा रही स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) प्रक्रिया कोई नई बात नहीं है। यह समय-समय पर होती रही है और इसका सरकार से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के इस कार्य को भाजपा संगठन के माध्यम से धरातल तक पहुंचाने का काम करेगी।
मनरेगा में भ्रष्टाचार से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इस योजना में समय-समय पर कमियां सामने आती रही हैं, लेकिन भाजपा सरकार ने उन कमियों को दूर कर व्यवस्था को मजबूत किया है और पारदर्शिता बढ़ाई है।
आगामी बजट को लेकर पूछे गए सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि इस बार भी बजट पूरी तरह जनहित को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा, जिससे आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।
समाजवादी पार्टी के PDA पंचांग पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पहले सपा यह स्पष्ट करे कि PDA का असली अर्थ क्या है, क्योंकि खुद सपा इस मुद्दे पर भ्रमित नजर आती है। उन्होंने दोहराया कि भाजपा किसी एक वर्ग या जाति की पार्टी नहीं है, बल्कि सर्व समाज को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है।
बीजेपी संगठन और चुनावी तैयारियों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता हमेशा चुनाव के लिए तैयार रहता है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। वहीं ब्राह्मण विधायकों के सहभोज को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा किसी जाति विशेष की नहीं, बल्कि हर वर्ग को सम्मान और प्रतिनिधित्व देने वाली पार्टी है।
अंत में पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की राजनीति करना है और पार्टी इसी विचारधारा के साथ आगे बढ़ती रहेगी।

