वाराणसी में ड्यूटी पर तैनात बीएलओ की मौत, बीमारी के बावजूद काम कराने का आरोप

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) ड्यूटी पर तैनात एक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) की बुधवार सुबह बीमारी के कारण मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि गंभीर रूप से बीमार होने के बावजूद अधिकारियों ने उन्हें ड्यूटी से छुट्टी नहीं दी, जिसके चलते समय पर इलाज नहीं हो सका।मृतक की पहचान शेख मुहम्मद अजगर अली के रूप में हुई है, जो कौवापुर गांव के निवासी थे और चौबेपुर थाना क्षेत्र में रहते थे। बताया जा रहा है कि वह कई दिनों से बीमार थे और अधिकारियों से छुट्टी लेकर इलाज कराने की गुहार लगा रहे थे।परिजनों के अनुसार, जब उन्हें स्थानीय डॉक्टर को दिखाया गया तो डॉक्टर ने उन्हें जॉन्डिस (पीलिया) का संक्रमण बताते हुए तुरंत अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी थी। इसके बावजूद वह लगातार एसआईआर के काम में लगे रहे।परिवार का आरोप है कि बीएलओ ने कई बार छुट्टी की मांग की, लेकिन अधिकारियों ने उनकी बात को बहाना बताकर टाल दिया। सुपरवाइजर की ओर से उन्हें एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने और मतदाता सूची प्रकाशन के बाद अवकाश देने का आश्वासन दिया गया था।उधर, समय पर समुचित इलाज न मिलने के कारण बुधवार को उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है। मृतक के परिवार में पत्नी और तीन बेटे हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है।

