वाराणसी: सामनेघाट पक्का घाट पर नाव लगाने को लेकर खूनी संघर्ष, तीन नामजद समेत 50-60 अज्ञात पर मुकदमा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लंका थाना क्षेत्र अंतर्गत सामनेघाट स्थित जजेज गेस्ट हाउस के पास बने पक्का घाट पर नाव लगाने को लेकर हुए प्राणघातक हमले के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। इस प्रकरण में तीन नामजद आरोपियों समेत 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई मदरवा निवासी गौतम साहनी की तहरीर पर की गई है।गौतम साहनी के अनुसार, शुक्रवार को वह पक्का घाट पर सवारी के इंतजार में कल्लू, रामचंद्र, सोमनाथ, रामानंद और विकास साहनी के साथ बैठे थे। इसी दौरान बबलू साहनी नाम का व्यक्ति वहां पहुंचा और नाव संचालन को लेकर विरोध करने लगा। स्थानीय नाविकों द्वारा आपत्ति जताने पर वह वहां से चला गया।
कुछ समय बाद बबलू साहनी अपने 50 से 60 साथियों के साथ करीब 10 नावों पर सवार होकर वापस लौटा और रॉड व डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में कई लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की घटनाओं को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
स्थानीय लोगों ने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं, गौतम साहनी ने कहा कि नाव लगाने को लेकर यह विवाद नया नहीं है और पूर्व में भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई के अभाव में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

