लखनऊ में उड़ान से पहले फ्लाइट में बम की धमकी

उत्त्तर प्रदेश,जनमुख न्यूज। लखनऊ से अजमेर के किशनगढ़ जा रही एक फ्लाइट में बम की धमकी मिली है। जिस वक्त धमकी मिली, फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी में थी। यात्री विमान में बैठ चुके थे। धमकी के बाद विमान को तुरंत रोक दिया गया। जल्दी-जल्दी सभी यात्रियों को उतारा गया। फ्लाइट को रन-वे से आइसोलेशन में ले जाया गया। सभी यात्रियों को टर्मिनल पर ले जाया गया।इसके बाद फ्लाइट के अंदर से सभी यात्रियों का सामान बाहर निकाला गया। कार्गों खाली कराया गया। एक-एक सामान की जांच की गई। धमकी कैसे मिली थी, इस बारे में अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। फ्लाइट को दोपहर २ बजे रवाना होना था। अब यह फ्लाइट शाम ५ बजे तक उड़ान भर सकती है। स्टार एयर की यह फ्लाइट अजमेर के किशनगढ़ जानी थी।

