दो दिवसीय दौरे पर काशी आएंगे सीएम योगी और डिप्टी सीएम, विकास व कानून व्यवस्था की करेंगे समीक्षा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दो दिवसीय दौरे पर शनिवार को काशी पहुंचेंगे। उनके साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी वाराणसी आएंगे। मुख्यमंत्री शाम पांच बजे के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और वहां से सीधे सर्किट हाउस जाएंगे।
सर्किट हाउस में कुछ देर विश्राम के बाद मुख्यमंत्री विकास कार्यों और कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके बाद शाम सात बजे के बाद वे कालभैरव मंदिर और श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री टाउनहॉल स्थित रैन बसेरे का भी दौरा करेंगे, जहां वे वहां रह रहे लोगों से मुलाकात कर कंबल और भोजन का वितरण करेंगे। रात्रि विश्राम सर्किट हाउस में होगा।
रविवार को मुख्यमंत्री सुबह 11 बजे संपूर्णानंद नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सिगरा स्टेडियम में आयोजित 72वीं सीनियर नेशनल वॉलीबॉल चैंपियनशिप के उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे। दोपहर करीब दो बजे वे बाबतपुर एयरपोर्ट से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी शनिवार को शाम साढ़े छह बजे वाराणसी पहुंचेंगे और बाबा विश्वनाथ के दर्शन-पूजन करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद रविवार को वे सिगरा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता के कार्यक्रम में भाग लेंगे।
इसके अलावा, जलशक्ति मंत्री रामकेश निषाद शनिवार शाम पांच बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। वहीं खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव जौनपुर से रविवार को सिगरा स्टेडियम में आयोजित वॉलीबॉल चैंपियनशिप में शिरकत करेंगे।

