यूपी में ठंड–कोहरे का कहर बरकरार, 30 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, मेरठ में सबसे सर्द रात

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। प्रदेश में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर लगातार बना हुआ है। बृहस्पतिवार सुबह राजधानी लखनऊ समेत प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, कुशीनगर, सहारनपुर, बलिया, मुरादाबाद और अलीगढ़ जैसे कई जिलों में कोहरे की मोटी चादर छाई रही, जिससे दृश्यता शून्य तक पहुंच गई। इससे आम जनजीवन और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ।
बृहस्पतिवार की रात प्रदेश के कई इलाकों में तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई। मेरठ में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे ठंडी रात रही। ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए प्रदेश के करीब 30 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अगले चार दिनों तक ठंड और कोहरे का असर लगभग इसी तरह बना रहेगा। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी और वहां से चल रही पछुआ हवाओं के कारण प्रदेश में ठंड और बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि दिन के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात के तापमान में लगातार गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, कई जिलों में दोपहर बाद हल्की धूप निकलने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, भदोही, जौनपुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कानपुर नगर, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर समेत आसपास के इलाकों में घने कोहरे का असर रहेगा। वहीं जौनपुर, बहराइच और सीतापुर में अत्यधिक शीत दिवस की भी आशंका जताई गई है।

