बजट सत्र के बीच लखनऊ में कांग्रेस का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प; कई नेता नजरबंद

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान राजधानी लखनऊ में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन उग्र हो गया। कांग्रेस कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। हालात को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, नेता विधानमंडल दल आराधना मिश्रा मोना समेत कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग लगा रखी थी, जिसके चलते टकराव की स्थिति बन गई। फिलहाल क्षेत्र में गहमागहमी का माहौल है।
दरअसल, अजय राय ने सोमवार को मनरेगा, कानून व्यवस्था और शंकराचार्य से जुड़े मुद्दों को लेकर विधानसभा घेराव का ऐलान किया था। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विधानसभा की ओर कूच कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया।
प्रदर्शन में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडेय, विधायक वीरेंद्र चौधरी, कई सांसद, पूर्व विधायक और वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे हैं।
स्थिति को देखते हुए पुलिस अलर्ट मोड पर है। कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं को एहतियातन नजरबंद किया गया है, जबकि कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किया गया है

