रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली, राहुल गांधी का हमला—“चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा”

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। दिल्ली के रामलीला मैदान में एसआईआर और कथित ‘वोट चोरी’ के विरोध में कांग्रेस की विशाल रैली आयोजित की गई। रैली को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने संबोधित किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरएसएस, भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखे आरोप लगाए।
राहुल गांधी ने अपने भाषण में कहा कि चुनाव आयोग भाजपा के लिए काम कर रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछने के बावजूद चुनाव आयोग की ओर से कोई जवाब नहीं मिला। राहुल गांधी ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के एक बयान का जिक्र करते हुए कहा कि यह आरएसएस की सोच को दर्शाता है, जहां सत्य से ज्यादा सत्ता को महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्य के रास्ते पर चलकर नरेंद्र मोदी, अमित शाह और आरएसएस की सरकार को सत्ता से हटाएगी।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता के बल पर वोट चोरी करती है और चुनाव आयोग सरकार के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव आयुक्तों से जुड़े कानून में बदलाव कर उन्हें जवाबदेही से बाहर कर दिया। राहुल गांधी ने दावा किया कि कांग्रेस सत्ता में आने पर इस कानून को बदलेगी और जवाबदेही तय करेगी।
उन्होंने आगे कहा कि वोट चोरी भारतीय संविधान पर सबसे बड़ा हमला है और अगर ऐसा न होता तो मौजूदा सरकार को जनता कब का सत्ता से बाहर कर चुकी होती। राहुल गांधी ने कहा कि इस लड़ाई में समय लग सकता है, लेकिन अंततः सत्य की ही जीत होगी।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि संसद में जनता से जुड़े अहम मुद्दों—जैसे बेरोजगारी, महंगाई और पेपर लीक—पर बहस से सरकार बचती है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब कांग्रेस ने चुनाव, एसआईआर और वोट चोरी पर चर्चा की मांग की तो सरकार घबरा गई। प्रियंका गांधी ने भाजपा को निष्पक्ष चुनाव लड़ने की चुनौती देते हुए कहा कि अगर सही तरीके से चुनाव हो तो भाजपा कभी जीत नहीं पाएगी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपने संबोधन में कहा कि राहुल गांधी देश और जनता के लिए संघर्ष कर रहे हैं और इस लड़ाई को मजबूत करना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा ही देश को बचा सकती है और सभी को एकजुट होकर इसे आगे बढ़ाना होगा।

