कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का हमला: भाजपा कार्यकर्ता की मौत पर सरकार मौन

गाजीपुर, जनमुख न्यूज़। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शुक्रवार को नोनहरा थाना क्षेत्र के रुकुंदीपुर गांव जाकर लाठीचार्ज में मृत भाजपा कार्यकर्ता सियाराम उपाध्याय के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए सरकार से एक करोड़ रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी बात कही।
अजय राय ने भाजपा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के स्वागत में सभी बड़े नेता व्यस्त रहे, लेकिन मृतक के परिवार की सुध लेने कोई नहीं पहुंचा। उन्होंने आरोप लगाया कि वीडियो देखकर लगता है मानो अंग्रेजों की हुकूमत चल रही हो। गरीब परिवार की स्थिति इतनी कमजोर है कि अब तक एफआईआर तक दर्ज नहीं हो सकी।
कांग्रेस नेता ने कहा कि उनकी पार्टी हर हाल में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है, जबकि भाजपा सरकार में इंसान की जान की कोई कीमत नहीं बची है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब भाजपा अपने ही कार्यकर्ता की सुध नहीं ले रही, तो आम जनता की उम्मीद करना बेमानी है।
इसके बाद अजय राय वरिष्ठ कांग्रेस नेता जनक कुशवाहा के पैतृक गांव बरेजी, मोहम्मदाबाद पहुंचे और उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की। इसके बाद वे कार्यकर्ताओं के साथ गाजीपुर होते हुए वाराणसी लौट गए।

