भाजपा कार्यालय घेराव से पहले कांग्रेसियों की गिरफ्तारी, वाराणसी में महानगर अध्यक्ष नजरबंद

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। भाजपा कार्यालय का घेराव करने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने बृहस्पतिवार को मलदहिया क्षेत्र से हिरासत में ले लिया। वहीं, प्रदर्शन से पहले ही कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारियों को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए कहा कि सत्य की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और कांग्रेस कार्यकर्ता डरने वाले नहीं हैं।
कांग्रेस कार्यकर्ता मलदहिया स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा के पास एकत्र होकर चेतावनी प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद वे सिगरा स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव करने के लिए आगे बढ़े। कांग्रेसियों का आरोप है कि केंद्र सरकार प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का दुरुपयोग कर कांग्रेस नेतृत्व सोनिया गांधी और राहुल गांधी को झूठे मामलों में फंसा रही है।
प्रदर्शन को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने आगे बढ़ रहे कार्यकर्ताओं को रोकते हुए हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार रामनगर थाने में संतोष चौरसिया, राजूराम, गिरीश पांडेय, आशीष पटेल सहित कई कार्यकर्ताओं को बैठाया गया है। वहीं सिगरा थाने में प्रदेश प्रवक्ता संजीव सिंह और पुलक त्रिपाठी को हिरासत में लिया गया।इससे पहले पुलिस ने कांग्रेस महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल और महानगर युवा कांग्रेस अध्यक्ष चंचल शर्मा समेत अन्य पदाधिकारियों को उनके घरों पर नजरबंद कर दिया था।

राघवेंद्र चौबे ने कहा कि नजरबंदी के बाद उन्होंने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर पुलिसकर्मियों को गुलाब का फूल भेंट कर संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के खिलाफ आग्रह करने का निर्णय लिया था, लेकिन पुलिस ने दबाव में फूल स्वीकार करने से भी इनकार कर दिया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र की भाजपा सरकार ईडी जैसी संवैधानिक संस्था का खुलेआम राजनीतिक दुरुपयोग कर रही है। उनका कहना है कि ईडी को निष्पक्ष जांच एजेंसी के बजाय विपक्ष को डराने और दबाने का माध्यम बना दिया गया है।


