वाराणसी से कांग्रेस की पीएम मोदी को चुनौती– कहा, “नेशनल हेराल्ड केस में भ्रष्टाचार साबित करें”

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जब नेशनल हेराल्ड अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा था, उस समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) अंग्रेजों की मुखबिरी कर रहा था। उन्होंने बताया कि नेशनल हेराल्ड अखबार अंग्रेजी में प्रकाशित होता था, वहीं उसका उर्दू संस्करण कौमी आवाज और हिंदी संस्करण नवजीवन था। लांबा ने कहा, “अगर भाजपा में दम है तो नेशनल हेराल्ड केस में भ्रष्टाचार साबित करके दिखाए। हम काशी से प्रधानमंत्री को खुली चुनौती दे रहे हैं।”
अलका लांबा ने आरोप लगाया कि भाजपा अब न्यायपालिका को डराने और धमकाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आरएसएस की किताबों को विज्ञापन देती है, जो देश में नफरत फैलाने का काम करती हैं। लांबा ने वोडाफोन के 36 हजार करोड़ के टैक्स मामले को सरकार द्वारा माफ किए जाने पर भी सवाल उठाया।
उन्होंने बताया कि ईडी ने अब तक 5000 मामले दर्ज किए हैं, लेकिन केवल 24 मामलों में ही सजा हुई है। 100 में से 99 मामले विपक्ष के खिलाफ होते हैं। “ईडी को जवाब देना चाहिए कि सत्ता पक्ष के खिलाफ मामले दर्ज क्यों नहीं होते और दर्ज मामलों में सजा क्यों नहीं हो पाती?” – लांबा ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इस अन्याय के खिलाफ कांग्रेस देशभर में ‘संविधान बचाओ, देश बचाओ’ रैली निकालेगी।
नेशनल हेराल्ड को भारत की धरोहर बताते हुए लांबा ने कहा कि कांग्रेस इसे बचाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा राहुल गांधी से डरती है, इसीलिए उनकी सदस्यता रद्द कर दी, बंगला और सुरक्षा छीन ली। लेकिन कोर्ट ने सब वापस दिला दिया। लांबा ने कहा कि राहुल गांधी ने भाजपा को बहुमत से रोका है, और इसी वजह से भाजपा बौखलाहट में है।
उन्होंने चेतावनी दी कि कांग्रेस की सरकार बनने के 10 महीने के अंदर भ्रष्ट लोगों को जेल भेजा जाएगा। लांबा ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह संवैधानिक संस्थाओं और न्यायपालिका पर हमला कर रही है।
अंत में उन्होंने कहा, “भाजपा की वाशिंग मशीन में जो जाता है, वह धुलकर मंत्री बन जाता है। अब पीएम मोदी वाराणसी में कमजोर पड़ रहे हैं। यूपी ने उनके रथ को रोक दिया है। अगला चुनाव अजय राय लड़ेंगे, लेकिन मोदी शायद लड़ने की हिम्मत न कर पाएं।”

