महाशिवरात्रि पर काशी विश्वनाथ मंदिर में विवाद, एसडीएम पर अभद्रता के आरोप; प्रशासन ने जांच शुरू की

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। काशी विश्वनाथ मंदिर में महाशिवरात्रि के दौरान अव्यवस्था को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। मंदिर न्यास से जुड़े एसडीएम शंभू शरण पर श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने के आरोप लगे हैं। दर्शनार्थियों का कहना है कि गर्भगृह के प्रवेश द्वार पर उनके साथ बदसलूकी की गई।
कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया निवासी बाबूलाल सोनकर और भदैनी निवासी अनुज पांडे ने मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और डीएम सत्येंद्र कुमार से शिकायत की है। साथ ही चौक थाने में एसडीएम के खिलाफ तहरीर भी दी गई है। प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है।
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, वे नियमित रूप से मंदिर में दर्शन करने जाते हैं। रविवार को जब वे दर्शन के लिए पहुंचे, उस समय एसडीएम शंभू शरण करीब 10 बाउंसरों के साथ मौजूद थे। आरोप है कि इस दौरान श्रद्धालुओं से धक्का-मुक्की की गई और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनका कॉलर पकड़कर गालियां दी गईं।
एक महिला श्रद्धालु ने मंदिर में तैनात दरोगा शुभम सिंह पर भी अमर्यादित व्यवहार का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लाइन में खड़े लोगों से अपशब्द कहे गए और दर्शन बंद कर बाहर निकालने की धमकी दी गई।
वहीं मंदिर प्रशासन ने आरोपों को नकारते हुए कहा कि संबंधित श्रद्धालुओं ने पश्चिमी द्वार, जो निकास के लिए निर्धारित है, को रोककर रेलिंग फांदते हुए गर्भगृह में प्रवेश की कोशिश की थी। प्रशासन का कहना है कि अव्यवस्था फैलाने की स्थिति बनने पर सीआरपीएफ जवानों ने हस्तक्षेप कर उन्हें हटाया। घटना की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखी गई है।
मामले को लेकर श्रद्धालुओं में रोष व्याप्त है। उन्होंने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।

