वाराणसी में शंकराचार्य के बयान पर दलित महिलाओं का प्रदर्शन, माफी की मांग के साथ आक्रोश मार्च

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के बयान को लेकर दलित महिलाओं ने आक्रोश जताया है। दलित महिला परिषद् के बैनर तले आज लमही स्थित Premchand Smriti Dwar से आक्रोश मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने हिस्सा लिया और जमकर नारेबाजी की।
यह मार्च दलित महिला नेता खुशी रमन के नेतृत्व में निकाला गया। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने शंकराचार्य के बयान का विरोध करते हुए उनसे सार्वजनिक माफी की मांग की।
खुशी रमन ने कहा कि इस तरह के बयान से दलित बेटियों की छवि को ठेस पहुंची है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि इतनी बड़ी संख्या में विवाह कराए गए हैं, तो उनके नाम सार्वजनिक किए जाएं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान समाज को बांटने वाले हैं।
प्रदर्शन में शामिल अन्य वक्ताओं ने भी बयान की कड़ी आलोचना की। डॉ. नजमा परवीन ने कहा कि बिना प्रमाण के इस तरह के आरोप लगाना गलत है और इससे महिलाओं का अपमान होता है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
महिला नेताओं ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर विवादित बयान वापस नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

