दालमंडी चौड़ीकरण: एक माह बाद फिर चला बुलडोजर, भारी फोर्स के बीच हुई ध्वस्तिकरण की कार्रवाई

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। दालमंडी इलाके में चौड़ीकरण योजना के तहत एक महीने के अंतराल के बाद प्रशासन ने एक बार फिर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई से पहले दो दिन पूर्व मुनादी कराई गई थी। बीते 3 जनवरी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी समीक्षा बैठक में अधिकारियों को चौड़ीकरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे पीडब्ल्यूडी, वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) और नगर निगम की करीब 50 सदस्यीय टीम जब मौके पर पहुंची तो व्यापारियों और छोटे दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। सीके 39/5 और सीके 43/113जी नंबर के भवनों में ध्वस्तीकरण किया गया। इससे पहले 18 नवंबर को आखिरी बार कार्रवाई हुई थी, जिसके बाद एसआईआर की घोषणा होते ही अभियान रोक दिया गया था।दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत हाल ही में सत्तार मार्केट के सामने तीन भवनों की नापजोख की गई थी। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता केके सिंह ने बताया कि जनवरी के पहले सप्ताह में करीब पांच भवनों पर ध्वस्तीकरण की योजना है। मुनादी के जरिए लोगों को योजना की जानकारी दी जा रही है और अब तक 40 से अधिक भवनों की रजिस्ट्री हो चुकी है। चौक थाने में खुले पीडब्ल्यूडी कैंप कार्यालय में प्रतिदिन 15 से 20 लोग जानकारी लेने पहुंच रहे हैं।
शनिवार को भी दालमंडी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई दोबारा शुरू हुई। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में वीडीए द्वारा चिन्हित 12 भवनों में से पहले भवन को तोड़ने का काम शुरू किया गया। दुकानदारों को महज 10 मिनट के भीतर मकान खाली करने का निर्देश दिया गया। इससे पहले 15 नवंबर को चिन्हित भवनों के खिलाफ अभियान चलाया गया था, जिसमें पहले चरण में छह मकानों को गिराया गया था।दूसरे चरण में अब तक तीन मकानों को ध्वस्त किया जा चुका है। मौके पर तीन थानों की पुलिस के करीब 150 जवान तैनात रहे। पूरी गली में बैरिकेडिंग की गई और ड्रोन से निगरानी की गई। पीएसी और पैरामिलिट्री के करीब 100 जवान रिजर्व में रखे गए थे ताकि किसी भी विरोध या अव्यवस्था से निपटा जा सके।
प्रशासन का कहना है कि जिन लोगों ने अब तक रजिस्ट्री नहीं कराई है, उन्हें आगे परेशानी का सामना करना पड़ेगा। दालमंडी क्षेत्र में कुल 186 मकान चिन्हित हैं, जिनमें से अब तक केवल 40 की रजिस्ट्री हो पाई है। नवंबर के बाद रुकी कार्रवाई अब लगातार जारी रहेगी।एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि चौड़ीकरण की कार्रवाई आज से फिर शुरू की गई है। आज तीन मकान तोड़े जाने थे, जिनमें से एक मकान मालिक स्वयं गिरा रहा है और एक का ध्वस्तीकरण प्रशासन द्वारा किया जा रहा है। आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।वहीं, स्थानीय दुकानदारों ने अपनी पीड़ा भी जाहिर की। रशीद अहमद खां ने बताया कि उनकी दुकान सौ साल पुरानी है और तीन पीढ़ियों की आजीविका का सहारा रही है। अचानक खाली कराने के आदेश से उनका परिवार असमंजस में है।

