शादी की पहली सालगिराह पर महिला दरोगा की मौतघर मे मातम

मथुरा, जनमुख न्यूज। मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर हुए दर्दनाक हादसे में प्रयागराज के नैनी थाने में तैनात महिला दरोगा की मौत हो गई। २०१८ में पिता की मौत के बाद महिला दरोगा नेहा शुक्ला ने परिवार की पूरी जिम्मेदारी संभाल ली थी। शादी के बाद नौकरी करते हुए वह मायके और ससुराल दोनों की जिम्मेदारी बखूबी निभा रही थीं। प्रयागराज के नैनी थाने में तैनात एसआई नेहा शुक्ला की शादी ८ दिसंबर २०२३ को दिल्ली के नेहरू नगर निवासी आदेश कुमार के साथ हुई थी। शादी से पहले ही वह पुलिस में भर्ती हो गई थी। २०२२-२३ में ट्रेनिंग करने के बाद एक साल से प्रयागराज के नैनी थाने में एसआई की पद पर कार्यरत थी। पिछले दिनों छुट्टी लेकर घर आई थी। बृहस्पतिवार को उन्हें थाने में रिपोर्ट करनी थी। इसलिए पति के स्विफ्ट कार से प्रयागराज जा रही थीं। जीजा हर्षवर्धन ने बताया कि नेहा मूल रूप से बांदा की रहने वाली थी। पिता फूलचंद शुक्ला ने गाजियाबाद में मकान बनवाया तो यहां रहकर ही उन्होंने अपनी पढ़ाई लिखाई पूरी की। बताया कि फूलचंद शुक्ला भी पुलिस में एसआई के पद पर थे। उनकी मृत्यु २०१८ में हुई थी। इसके बाद नेहा ने कड़ी मेहनत करके अपने बल पर पुलिस में नौकरी पाई। बताया कि नेहा परिवार की छोटी बहन निधि शुक्ला प्राइवेट जॉब करती है, जबकि उसका भाई प्रांजुल शुक्ला अभी पढ़ाई कर रहे हैं।

