अखिलेश के पुतला दहन पर वाराणसी में भड़के सपाई, भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की मांग

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पुतला दहन किए जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने मोर्चा खोल दिया है। सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा “विश्वकर्मा” के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कोतवाली की सहायक पुलिस आयुक्त प्रज्ञा पाठक को ज्ञापन सौंपकर भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
सपा नेता विष्णु शर्मा “विश्वकर्मा” ने सहायक पुलिस आयुक्त से कहा कि भाजपा समर्थित कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को मैदागिन चौराहे पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का पुतला जलाया, लेकिन पुलिस मूकदर्शक बनी रही। शनिवार को फिर भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोहनिया में पुतला दहन किया, बावजूद इसके पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की, जिससे सपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश है।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते पुलिस प्रशासन ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई नहीं की, तो सपा कार्यकर्ता भी उसी तरीके से जवाब देने के लिए तैयार हैं। सपा कार्यकर्ताओं के विरोध को देखते हुए सहायक पुलिस आयुक्त प्रज्ञा पाठक ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ज्ञापन सौंपने वालों में सपा के पूर्व महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा “विश्वकर्मा”, वरिष्ठ नेता ईशान श्रीवास्तव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दीपचंद गुप्ता, अनिल सिंह पटेल, समन यादव, युवजन सभा के महानगर अध्यक्ष राहुल गुप्ता, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के महानगर अध्यक्ष विवेक कहार, कैंट के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष दिलीप कश्यप, राहुल सिंह यादव, किशन निषाद, दुर्गा यादव, प्रभाकर यादव, विवेक सेठ, शैलेन्द्र सिंह, होरीलाल गुप्ता, संदीप शर्मा सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

