वाराणसी में घने कोहरे का कहर, दृश्यता 10 मीटर से नीचे, ठंड और गलन बढ़ी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। काशी में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार सुबह से ही शहर कोहरे की चपेट में रहा, जिससे दृश्यता 10 मीटर से भी कम दर्ज की गई। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की रफ्तार बेहद धीमी हो गई और लोग अतिरिक्त सतर्कता बरतते नजर आए।
मौसम विभाग के अनुसार शहर का न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। बीते कुछ दिनों से जारी ठंड और कोहरे के चलते आम जनजीवन अस्त-व्यस्त दिख रहा है।पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर-पछुआ हवाओं के चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जिससे ठंड और गलन में और इजाफा हुआ। दोपहर में कुछ देर धूप निकलने के बावजूद शाम होते ही तेज गलन महसूस की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को वाराणसी में अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम 9.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि शुक्रवार सुबह अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिलचस्प बात यह रही कि हिमाचल प्रदेश के मनाली और काशी का अधिकतम तापमान लगभग समान दर्ज किया गया, जिससे ठंड की तीव्रता का अंदाजा लगाया जा सकता है। तीन जनवरी तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

