अविमुक्तेश्वरानंद विवाद पर डिप्टी सीएम केशव मौर्य का बयान, बोले– संतों का अपमान भाजपा की परंपरा नहीं

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। प्रयागराज मेले में स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के साथ कथित प्रशासनिक अभद्रता को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। लगातार बढ़ते विवाद के बीच उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हस्तक्षेप करते हुए मामले को शांत करने की कोशिश की है। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से आग्रह किया कि वे अपना विरोध समाप्त कर संगम में स्नान करें। साथ ही उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि किसी अधिकारी ने अभद्रता की है, तो उसकी जांच कराकर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की संस्कृति किसी भी संत या साधु का अपमान करने की नहीं है। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को प्रणाम करते हुए कहा कि संत समाज का सम्मान भाजपा की प्राथमिकता है।
केशव मौर्य ने कहा कि संतों के साथ दुर्व्यवहार से जुड़ी शिकायतों की गहराई से जांच कराई जाएगी। जांच के बाद यदि कोई अधिकारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी सीएम ने यह भी दोहराया कि सरकार संतों की भावनाओं का सम्मान करती है और प्रयागराज मेले जैसे पावन आयोजन में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असम्मान को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से अपील की कि वे संगम स्नान कर श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन दें और विवाद को विराम दें।

