यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: अयोध्या-अमेठी समेत छह जिलों के डीएम बदले, 16 आईएएस अधिकारियों का तबादला

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अयोध्या, अमेठी सहित छह जिलों के जिलाधिकारियों को बदल दिया है। इस बदलाव के तहत कुल 16 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है।
अयोध्या के डीएम चंद्र विजय सिंह को विशेष सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग नियुक्त किया गया है। चंदौली के डीएम निखिल टीकाराम फुंडे को अयोध्या का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। अमेठी की डीएम निशा को मिशन निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन नियुक्त किया गया है।
इटावा के डीएम अवनीश कुमार राय को बदायूं का डीएम बनाया गया है। कन्नौज के डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल को इटावा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव और अपर निदेशक मंडी परिषद आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को कन्नौज का डीएम बनाया गया है।
बदायूं की डीएम निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव, उच्च शिक्षा के पद पर भेजा गया है। प्रयागराज नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग को चंदौली का डीएम बनाया गया है। जौनपुर के सीडीओ सीलम साईं तेजा को प्रयागराज का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
गोरखपुर की संयुक्त मजिस्ट्रेट मृणाली अविनाश जोशी को जौनपुर का नया सीडीओ बनाया गया है। सहारनपुर नगर आयुक्त संजय चौहान को अमेठी का डीएम नियुक्त किया गया है।
विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग शिपू गिरी को नगर आयुक्त सहारनपुर बनाया गया है। राष्ट्रीय आयुष मिशन के मिशन निदेशक महेंद्र वर्मा को सचिव, उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) नियुक्त किया गया है।
मुजफ्फरनगर के सीडीओ संदीप भागिया को अपर आयुक्त, राज्य कर, गौतमबुद्धनगर भेजा गया है। मेरठ के संयुक्त मजिस्ट्रेट कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण को मुजफ्फरनगर का सीडीओ नियुक्त किया गया है। प्रतीक्षारत आईएएस अधिकारी राजकुमार प्रथम को विशेष सचिव, ऊर्जा विभाग के पद पर तैनाती मिली है।
सरकार द्वारा किया गया यह प्रशासनिक बदलाव सुशासन और कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से किया गया है।

