वित्त वर्ष 2024-25 में चुनावी ट्रस्ट को 3,826 करोड़ रुपये चंदा, 82% से अधिक राशि भाजपा को

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। वित्त वर्ष 2024-25 में विभिन्न चुनावी ट्रस्टों को कुल 3,826.34 करोड़ रुपये का चंदा प्राप्त हुआ, जिसमें से 3,826 करोड़ रुपये से अधिक राजनीतिक दलों को वितरित किए गए। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताजा रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक वितरित कुल राशि का 82 प्रतिशत से अधिक हिस्सा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को मिला।
निर्वाचन आयोग को सौंपे गए दस्तावेजों के विश्लेषण के आधार पर तैयार रिपोर्ट में बताया गया है कि 20 पंजीकृत चुनावी ट्रस्टों में से 10 ने वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान चंदा प्राप्त होने की जानकारी दी। वहीं पांच ट्रस्टों की रिपोर्ट निर्धारित अंतिम तिथि के तीन महीने बाद भी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध नहीं थी।
ADR के अनुसार, इस अवधि में कंपनियों और व्यक्तियों से कुल 3,826.3417 करोड़ रुपये का अंशदान प्राप्त हुआ और 3,826.3522 करोड़ रुपये विभिन्न राजनीतिक दलों को वितरित किए गए। नियमों के तहत चुनावी ट्रस्टों को वर्ष में प्राप्त चंदे का कम से कम 95 प्रतिशत वितरित करना अनिवार्य है।
रिपोर्ट के मुताबिक सत्तारूढ़ भाजपा को 3,157.6549 करोड़ रुपये प्राप्त हुए, जो कुल वितरित राशि का 82.52 प्रतिशत है। कांग्रेस को 298.7795 करोड़ रुपये (7.81 प्रतिशत) मिले, जबकि तृणमूल कांग्रेस को 102 करोड़ रुपये (2.67 प्रतिशत) प्राप्त हुए। अन्य 19 राजनीतिक दलों को कुल 267.9178 करोड़ रुपये मिले।
चुनावी ट्रस्टों में प्रुडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट ने सबसे अधिक 2,668.4647 करोड़ रुपये 15 राजनीतिक दलों को वितरित किए। इसके बाद प्रोग्रेसिव इलेक्टोरल ट्रस्ट का स्थान रहा, जिसने 10 दलों को 914.97 करोड़ रुपये दिए।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि 228 कॉरपोरेट या व्यावसायिक घरानों ने 3,636.819 करोड़ रुपये का चंदा दिया, जबकि 99 व्यक्तियों ने 187.6227 करोड़ रुपये का योगदान किया। शीर्ष 10 दानदाताओं ने मिलकर 1,908.8621 करोड़ रुपये दिए, जो कुल अंशदान का लगभग 49.89 प्रतिशत है।

