पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी: 5 की मौत, 31 घायल; चालक पर नशे में ड्राइविंग का आरोप

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। गोसाईंगंज क्षेत्र के जौखंडी गांव के पास एक डबल डेकर स्लीपर बस (एचआर 55 एएफ 1323) अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और पलट गई। हादसे में पांच यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 31 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को एपेक्स ट्रॉमा-2 समेत विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, बस पंजाब के लुधियाना से बिहार के दरभंगा जा रही थी। बस में कुल 40 यात्री सवार थे, जिनमें अधिकांश बिहार और नेपाल के रहने वाले थे। सभी यात्री होली का त्योहार मनाने के लिए अपने घर लौट रहे थे।
घायलों गौरव कुमार, ओमकार सिंह और रवींद्र कुमार ने आरोप लगाया कि चालक ने आगरा में एक ढाबे पर बस रोकी थी, जहां उसने खाना खाने से पहले शराब पी थी। उनका कहना है कि आगरा से निकलने के बाद चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था। कई यात्रियों ने उसे सावधानी से चलाने को कहा, लेकिन उसने अनसुना कर दिया। आरोप है कि अत्यधिक नशे के कारण चालक को झपकी आ गई, जिससे बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद चालक और परिचालक मौके से फरार हो गए।
दुर्घटना के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे। बस पलटते ही चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत रुककर बचाव कार्य शुरू किया। बाद में पुलिस और दमकल विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। 33 घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी गोसाईंगंज ले जाया गया, जहां पांच को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया। सड़क पर फैले खून को पास के ट्यूबवेल से पानी लाकर साफ कराया गया और बस को क्रेन की मदद से हटाया गया। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
घायल सुलेखा, पूनम और काव्या ने बताया कि उनके परिवार वाले घर पर इंतजार कर रहे थे और होली की तैयारियां चल रही थीं। लुधियाना में मुर्गी फार्म में काम करने वाली राधा रानी अपनी नातिन के साथ नेपाल जा रही थीं। उन्होंने बताया कि वे दोनों बाल-बाल बच गईं।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक व परिचालक की तलाश जारी है।

