वाराणसी दालमंडी में बुलडोजर कार्रवाई के दौरान बवाल, व्यापारी ने दुकान में लगाई आग, आत्मदाह की दी धमकी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। दालमंडी इलाके में सोमवार को सड़क चौड़ीकरण अभियान के दौरान हालात तनावपूर्ण हो गए, जब एक व्यापारी ने विरोध में अपनी दुकान में आग लगा दी और खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की धमकी दी। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और प्रशासनिक अमला व्यापारी को समझाने में जुट गया।
दरअसल, नगर निगम की ओर से दालमंडी क्षेत्र में जर्जर मकानों और दुकानों को गिराने की कार्रवाई शुरू की गई है। प्रशासन के मुताबिक सोमवार को चिन्हित किए गए 21 मकानों को ध्वस्त किया जाना है, जो अब तक एक दिन में की गई सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।बुलडोजर कार्रवाई का स्थानीय दुकानदार लगातार विरोध कर रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि उन्हें बिना पर्याप्त समय और नोटिस के उजाड़ा जा रहा है। दुकानदारों ने प्रशासन से 10 दिन की मोहलत मांगी, लेकिन जब मांग नहीं मानी गई तो मकान संख्या 40/71 के मालिक ने अपनी दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगा दी और खुद को जलाने की धमकी दी।घटना के दौरान दुकानदार भावुक होकर अफसरों से सवाल करते दिखे— “हमारा गुनाह क्या है? सड़क चौड़ी करनी है तो हमें बर्बाद क्यों किया जा रहा है? हमारी रोजी-रोटी छीन ली गई है।” व्यापारियों का आरोप है कि उन्हें कोई स्पष्ट नोटिस नहीं दिया गया।
हालात को देखते हुए इलाके में चार थानों की पुलिस फोर्स, करीब 500 जवानों के साथ तैनात की गई है, जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। ड्रोन कैमरों से पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। दालमंडी के सभी प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।इससे पहले 21 जनवरी को आठ मकानों को तोड़ा गया था, जबकि 31 जनवरी को नगर निगम ने 23 मकान मालिकों को नोटिस जारी किया था।कपड़ा मार्केट व्यापार मंडल के अध्यक्ष फारुख खान ने भी कार्रवाई का विरोध किया। इस दौरान पुलिस उन्हें हिरासत में लेने लगी, तो उन्होंने खंभे को पकड़ लिया। बाद में पुलिसकर्मियों ने खींचकर उन्हें हटाया, इस दौरान काफी देर तक झड़प और धक्का-मुक्की होती रही।
इस पूरे मामले पर डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि दालमंडी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान एक युवक ने दुकान पर चढ़कर पेट्रोल छिड़का और आग लगा दी। घटना के बाद युवक मौके से फरार हो गया है। उसकी पहचान की जा रही है और अराजकता फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन दालमंडी क्षेत्र में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच कार्रवाई जारी है।

