तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत, परिवार में मचा कोहराम

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। रोहनिया थाना क्षेत्र स्थित मोहनसराय-गंगापुर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। कनेरी गांव के सामने एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने 75 वर्षीय तपेसरा देवी को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
मूल रूप से कनेरी गांव की निवासी तपेसरा देवी गंगापुर में पापड़ बनाने का काम करती थीं। रोज़ की तरह शुक्रवार को भी वह काम से लौट रही थीं, तभी कनेरी के पास यह हादसा हुआ। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के तीन बेटे और एक बेटी हैं। उनके पति उमाशंकर पटेल का निधन तीन वर्ष पूर्व हो चुका है।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पुत्र विनोद पटेल ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

