इलाहाबाद हाईकोर्ट पर जताया भरोसा: शंकराचार्य बोले—‘कोर्ट में झूठ की कलई खुल जाएगी’

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य Swami Avimukteshwaranand Saraswati ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में चल रही सुनवाई को लेकर कहा है कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और अदालत में सच्चाई सामने आएगी। श्रीविद्या मठ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि “झूठ की कहानी ज्यादा दिन तक नहीं टिकती, कोर्ट में उसकी कलई खुल जाएगी।”
शंकराचार्य ने कहा कि मामले में सभी पक्षों को अपनी बात रखने का अधिकार है और अंतिम निर्णय अदालत ही करेगी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जिन बच्चों के साथ कथित कुकर्म की बात कही जा रही है, उसकी मेडिकल रिपोर्ट और जिम्मेदारी किसकी है, यह साबित करना आरोप लगाने वालों का दायित्व है।
उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस अपनी जांच कर रही है और रिपोर्ट अदालत में प्रस्तुत कर रही है। उनके अनुसार, पूरे प्रकरण में “झूठी कहानी गढ़कर एक इमारत खड़ी की गई है, जो सच्चाई के सामने टिक नहीं पाएगी।”
शंकराचार्य ने उम्मीद जताई कि अदालत में उनके अधिवक्ता आवश्यक प्रमाण प्रस्तुत करेंगे और उन्हें जमानत मिलेगी। उन्होंने दोहराया कि न्यायालय पर उन्हें पूर्ण विश्वास है और सच सामने आकर रहेगा।

