नोएडा में कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन: गाड़ियों में आग, पथराव और सड़क जाम से हालात बेकाबू

नोएडा, जनमुख न्यूज़। जिले में वेतन वृद्धि समेत विभिन्न मांगों को लेकर कर्मचारियों का प्रदर्शन सोमवार को हिंसक हो गया। पिछले तीन-चार दिनों से जारी आंदोलन ने उग्र रूप ले लिया, जहां प्रदर्शनकारियों ने कई वाहनों में आग लगा दी, तोड़फोड़ की और पुलिस पर पथराव भी किया।
नोएडा के फेज-2 क्षेत्र में हालात सबसे ज्यादा तनावपूर्ण रहे। सेक्टर-84 में चार वाहनों को आग के हवाले कर दिया गया, जबकि सेक्टर 59, 62 और 63 समेत कई इलाकों में कर्मचारियों ने सड़कों को जाम कर विरोध तेज कर दिया। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर बैठकर और वाहनों के आगे लेटकर यातायात पूरी तरह बाधित कर दिया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। पथराव में कई पुलिसकर्मी और कमांडो घायल हुए हैं। मदरसन कंपनी के बाहर भी प्रदर्शन के दौरान गाड़ियों में आगजनी और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया गया। हालात को काबू में करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
बताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में कर्मचारी वेतन वृद्धि, ओवरटाइम भुगतान और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों की मांग है कि न्यूनतम वेतन 13 हजार से बढ़ाकर 20 हजार रुपये किया जाए और ओवरटाइम का उचित भुगतान सुनिश्चित किया जाए।रविवार को प्रशासन, पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर उनकी मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद सोमवार को आंदोलन और उग्र हो गया।
इस प्रदर्शन का असर पूरे शहर की यातायात व्यवस्था पर पड़ा है। कई प्रमुख सड़कों पर जाम लगने से दफ्तर जाने वाले लोगों और आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और हालात को सामान्य करने की कोशिश जारी है।

