टेक्सास में भीषण बाढ़ का कहर: 50 से ज्यादा की मौत, समर कैंप से 27 लड़कियां लापता

नई दिल्ली जनमुख अंतर्राष्ट्रीय न्यूज़। अमेरिका के टेक्सास राज्य में आई भीषण बाढ़ ने तबाही मचा दी है। ग्वाडालूप नदी में अचानक जलस्तर तेजी से बढ़ने के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए और सैकड़ों लोग फंस गए। अब तक बाढ़ से मरने वालों की संख्या 50 से अधिक हो चुकी है। सबसे अधिक तबाही केर काउंटी में हुई, जहां 15 बच्चों समेत 43 लोगों की जान चली गई।
सबसे गंभीर स्थिति लोकप्रिय क्रिश्चियन समर कैंप ‘कैंप मिस्टिक’ में देखने को मिली, जहां बाढ़ का पानी अचानक घुस गया और वहां ठहरे सैकड़ों लोगों में से कई लापता हो गए। अधिकारियों के अनुसार, इस कैंप से 27 लड़कियां अभी तक लापता हैं। लगभग दो दर्जन अन्य कैंपरों की भी कोई खबर नहीं है। रेस्क्यू टीमें हवाई, जमीनी और जलमार्गों से तलाश अभियान में जुटी हैं।
टेक्सास आपातकालीन प्रबंधन विभाग के प्रमुख निम किड ने बताया कि नदी का जलस्तर महज 45 मिनट में 8 मीटर तक बढ़ गया, जिससे स्थिति बेहद भयावह हो गई। एक सीसीटीवी फुटेज में नदी के पानी का तेज़ी से उफान मारते हुए बढ़ना साफ देखा जा सकता है।
स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, बचावकर्मियों ने कई लोगों को छतों और पेड़ों से सुरक्षित निकाला। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में बाढ़ की तबाही की भयावह तस्वीरें देखी जा सकती हैं—जहां पहले घर थे, वहां अब सिर्फ मलबा और नंगे कंक्रीट के ढांचे बचे हैं।
अधिकारियों ने कहा है कि जब तक सभी लापता लोगों का पता नहीं चल जाता, तब तक तलाश और बचाव अभियान जारी रहेगा।

