शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को धमकी मामले में FIR दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिलने के मामले में आखिरकार भेलूपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। लिखित तहरीर दिए जाने के करीब 48 घंटे बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4) और 352 के तहत केस दर्ज किया है।
एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। जिस मोबाइल नंबर से धमकी भरे संदेश भेजे गए थे, उसकी जांच की जा रही है और आरोपी की पहचान करने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ऑडियो मैसेज के जरिए शंकराचार्य को गंभीर धमकी दी थी। संदेश में आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए उनकी हत्या की बात कही गई थी और पूर्व माफिया अतीक अहमद का उदाहरण दिया गया था।
मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि यदि कोई खुलेआम हत्या की धमकी देता है और उस पर कार्रवाई में देरी होती है, तो यह कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने सरकार से नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
उन्होंने राजनीतिक दलों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव के समय धार्मिक मुद्दों की बात होती है, लेकिन वास्तविक सुरक्षा और संरक्षण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते।
गौरतलब है कि शंकराचार्य को इससे पहले भी कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। उनके समर्थकों का कहना है कि गोरक्षा अभियान को लेकर कुछ लोग नाराज हैं, जिसकी वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। आने वाली “गविष्ठी यात्रा” को देखते हुए इस पूरे मामले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

