फिरोजाबाद: साथ रहने की जिद पर अड़ीं दो युवतियां, थाने के बाहर घंटों चला हंगामा

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के Firozabad के उत्तर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब दो युवतियां एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ गईं। समलैंगिक संबंध और कथित शादी के दावे को लेकर मामला थाने तक पहुंच गया। सड़क पर काफी देर तक भीड़ जुटी रही और लोग वीडियो बनाते रहे, जबकि पुलिस और परिजन दोनों को समझाने में लगे रहे।
बताया गया कि दोनों युवतियां करीब 20 वर्ष की हैं और एक ही कॉलेज से इंटर तक साथ पढ़ी हैं। करीब तीन महीने पहले वे घर छोड़कर हरियाणा चली गई थीं। दो दिन पहले जब एक युवती दूसरी के घर पहुंची तो विवाद बढ़ गया। युवतियों का दावा है कि उन्होंने भिवाड़ी स्थित एक मंदिर में शादी की है, हालांकि पुलिस के सामने वे इसका कोई वैधानिक प्रमाण पेश नहीं कर सकीं।
परिजनों द्वारा अलग करने की कोशिश पर एक युवती ने आत्महत्या की धमकी दे दी। एक ने परिवार पर दबाव बनाने का आरोप लगाया, जबकि दूसरी ने अपनी जान को खतरा बताया। दोनों ही युवतियों के पिता का निधन हो चुका है। परिजन सामाजिक मर्यादा का हवाला देकर उन्हें समझाते रहे, लेकिन दोनों अपने निर्णय पर अडिग रहीं।
थाने के बाहर दुकान पर बैठी दोनों युवतियों को देखने के लिए राहगीरों की भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई।
थाना उत्तर प्रभारी अंजीश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों पक्षों की काउंसिलिंग कराई। काफी समझाने-बुझाने के बाद दोनों युवतियों को उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

