मोबाइल हैक कर 42 लाख की ठगी, धनबाद से पांच साइबर अपराधी गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। साइबर क्राइम पुलिस ने एपीके फाइल के जरिए मोबाइल हैक कर 42 लाख रुपये की ठगी करने वाले पांच साइबर अपराधियों को झारखंड के धनबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक कार, 14 एंड्रॉयड मोबाइल, सिम कार्ड, नकदी और फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।डीसीपी क्राइम आकाश पटेल के अनुसार, चौबेपुर थाना क्षेत्र के तिवारीपुर निवासी सेवानिवृत्त एकाउंटेंट मदन मिश्रा ने 8 दिसंबर को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की नगर निगम शाखा स्थित उनके खाते से बिना जानकारी के 42 लाख रुपये निकाल लिए गए।
जांच में सामने आया कि साइबर ठगों ने ट्रोजन और एसएमएस आधारित एपीके फाइल मैसेज के जरिए भेजी थी। फाइल डाउनलोड होते ही मोबाइल हैक हो गया और आरोपियों ने इंटरनेट बैंकिंग आईडी, पासवर्ड और ओटीपी हासिल कर खाते से रकम म्यूल खातों में ट्रांसफर कर दी। कुछ दिनों बाद बैंक जाने पर पीड़ित को ठगी का पता चला।
एसीपी विदुष सक्सेना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और डिजिटल फुटप्रिंट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। ट्रांजेक्शन और संदिग्ध नंबरों की पड़ताल करते हुए पुलिस झारखंड के धनबाद स्थित कालाडाबर गांव तक पहुंची, जो साइबर अपराध के लिए कुख्यात जामताड़ा क्षेत्र के नजदीक है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कालाडाबर निवासी सगे भाई शमीम अंसारी, नसीम अंसारी, उनके पिता फकरूद्दीन, शाहबुद्दीन अंसारी और जिलिंगटाड निवासी साहब लाल मरांडी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 14 मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड, मुखिया की मोहर, ब्लैंक आधार अपडेट फॉर्म, बिना नंबर की ब्रेजा कार और 66 हजार रुपये बरामद किए हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एपीके फाइल के जरिए मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल करते थे। इसके बाद फर्जी ग्राम प्रधान लेटरपैड, मोहर और आधार अपडेट फॉर्म का उपयोग कर आधार कार्ड में पता बदलवाते और नए बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों का इस्तेमाल ठगी की रकम ट्रांसफर करने में किया जाता था। फकरूद्दीन के खिलाफ धनबाद में पहले से दो आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, मदन मिश्रा का खाता जुलाई में ही हैक कर लिया गया था। एटीएम कैमरों की फुटेज और बैंक ट्रेल खंगालने के बाद आरोपियों तक पहुंचना संभव हुआ। धनबाद पुलिस के सहयोग से सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वाराणसी लाया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

