वाराणसी में दशाश्वमेध घाट के सामने नाविकों और घोड़ा-ऊंट संचालकों में मारपीट, चार घायल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। गंगा किनारे दशाश्वमेध घाट के सामने रेती पर घोड़ा-ऊंट चलाने वालों और नाविकों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों से मारपीट हुई, जिसमें करीब चार नाविक घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गंगा रेती पर घोड़ा और ऊंट की सवारी कराने वाले कुछ युवक एक पर्यटक से अधिक रकम की मांग कर रहे थे। इसी दौरान एक नाविक ने हस्तक्षेप करते हुए कथित तौर पर ज्यादा वसूली का विरोध किया। आरोप है कि इस बात से नाराज युवकों ने नाविक के साथ मारपीट शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए।घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 5 से 10 युवक हाथों में डंडा लेकर दौड़ते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में रेती पर अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति देखी जा सकती है। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन तब तक कई लोग चोटिल हो चुके थे।
मारपीट में घायल लोगों को उपचार के लिए कबीरचौरा अस्पताल भेजा गया। नाविकों का आरोप है कि वहां इलाज से पहले उन्हें रामनगर थाने जाने को कहा गया। इसको लेकर भी नाराजगी जताई गई।नाविकों का कहना है कि घोड़ा-ऊंट संचालकों द्वारा पर्यटकों से कथित मनमानी वसूली को लेकर वे पहले भी पुलिस से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि प्रशासन की सख्ती न होने के कारण आए दिन विवाद की स्थिति बनती रहती है।
घटना के बाद नाविकों ने कार्रवाई की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया है। मामले में पुलिस जांच की बात कही जा रही है।

