मऊ: गेहूं काटने के विवाद में चाचा-भतीजे के बीच मारपीट और फायरिंग, चार लोग घायल

मऊ, जनमुख न्यूज़। जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र स्थित सोडसर गांव में शुक्रवार की भोर में गेहूं काटने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाचा-भतीजे के बीच शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने पहले लाठी-डंडों से एक-दूसरे पर हमला किया, फिर फायरिंग तक हो गई।
इस घटना में अभिषेक यादव को गोली लगी है, जो उनके बाएं कंधे में लगी। इसके अलावा तीन अन्य लोग भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।
कोपागंज थानाध्यक्ष विजय प्रताप मौर्य ने बताया कि पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कल हुई बारिश से एक पक्ष की गेहूं की फसल खराब हो गई थी। आरोप है कि कई बार कहने के बावजूद समय पर फसल नहीं काटी गई, जिससे यह विवाद उत्पन्न हुआ।

