हर घंटे बढ़ रहीं गंगा

वाराणसी, जनमुख डेस्क। वाराणसी में गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार को जलस्तर में तीन गुना की रफ्तार से बढ़ोतरी दर्ज की गई। जलस्तर बढ़ने के कारण घाटों का आपसी संपर्क टूट चुका है। दशाश्वमेध घाट पर जहां छत पर गंगा आरती हो रही है। वहीं, मणिकर्णिका घाट की छत पर शवदाह किया जा रहा है। जगह कम होने के कारण शवयात्रियों को परेशानी हो रही है। केंद्रीय जल आयोग की बाढ़ बुलेटिन के अनुसार सोमवार को गंगा का जलस्तर ६७.८० मीटर दर्ज किया गया। वाराणसी में गंगा में चेतावनी बिंदु ७०.२६२ मीटर और खतरे का निशान ७१.२६२ मीटर है। फिलहाल जलस्तर चेतावनी बिंदु से लगभग तीन मीटर नीचे है। यदि इसी रफ्तार से जलस्तर में वृद्धि जारी रही तो पानी चेतावनी बिंदु तक पहुंचने के आसार हैं।

