वाराणसी में गंगा प्रदूषण का मामला: अलकनंदा क्रूज पर ₹5,000 का जुर्माना, नोटिस जारी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। वाराणसी के रविदास घाट पर खड़े अलकनंदा क्रूज से गंगा नदी में मल गिरने के मामले में प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने कार्रवाई करते हुए क्रूज संचालक पर 5,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही मामले में नोटिस जारी कर संचालक से जवाब तलब किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से गठित जांच समिति ने भी अपनी रिपोर्ट जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार को सौंप दी है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जुर्माने के अलावा क्रूज संचालक को भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अतिरिक्त छोटा टैंक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। यह व्यवस्था इसलिए की जाएगी ताकि किसी आपात स्थिति में यदि इमरजेंसी वॉल्व खुला रह जाए, तब भी मल सीधे गंगा नदी में न गिरे।
गौरतलब है कि हाल ही में रविदास घाट पर खड़े अलकनंदा क्रूज का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें साफ तौर पर क्रूज से मल गंगा में गिरता हुआ दिखाई दे रहा था। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए थे।
जांच समिति की रिपोर्ट के अनुसार, संबंधित समय पर क्रूज मेंटेनेंस के लिए घाट पर खड़ा था और इसके सेप्टिक टैंक व सीवेज सिस्टम की सफाई की जा चुकी थी। जिस पाइप से मल गिरता नजर आया, वह इमरजेंसी वॉल्व था, जिसकी तकनीकी जांच चल रही थी। इसी दौरान क्रूज के एक कर्मचारी द्वारा शौचालय का उपयोग कर लिया गया, जिससे मल टैंक में जाने के बजाय इमरजेंसी वॉल्व के माध्यम से सीधे गंगा में चला गया।
प्रशासन का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही न हो, इसके लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

