घोसी से सपा विधायक सुधाकर सिंह का निधन, मेदांता अस्पताल में ली अंतिम सांस—राजनीतिक गलियारों में शोक

मऊ, जनमुख न्यूज़। जिले की घोसी विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार सुबह निधन हो गया। लखनऊ के मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि बेटे डॉ. सुजीत सिंह ने की। 67 वर्ष की उम्र में विधायक के निधन की खबर फैलते ही पूरे राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी दुख व्यक्त करते हुए परिवार के प्रति संवेदना जताई। जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को दिल्ली में मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी के रिसेप्शन में शामिल होने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। लौटते समय दिल्ली एयरपोर्ट पर सांस लेने में दिक्कत हुई और वाराणसी पहुंचते-पहुंचते हालत गंभीर हो गई।
बताया जाता है कि तबीयत बिगड़ने पर वाराणसी में एक निजी अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने स्थिति नाजुक देखते हुए उन्हें जल्द ही लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया, जहां गुरुवार सुबह उनका निधन हो गया।उनके बेटे ने बताया कि सुधाकर सिंह को हृदय से संबंधित समस्या थी और साल 2022 में उनका पेसमेकर भी लगाया गया था।उनके निधन से घोसी क्षेत्र में शोक और स्तब्धता का माहौल है।

