दिल्ली एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी, महिला से बरामद हुआ 50 लाख का सोना

दिल्ली, जनमुख न्यूज। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक महिला यात्री से सोने की तस्करी का मामला सामने आया है। सीमा शुल्क अधिकारियों ने १५ दिसंबर २०२४ को काठमांडू से आई एक फ्लाइट (२१५६) में यात्रा कर रही भारतीय महिला को गिरफ्तार किया। महिला के पास से ७७० ग्राम सोने का पेस्ट बरामद हुआ जिसे उसने अपने प्राइवेट पार्ट में छिपा रखा था। इसके अलावा अधिकारियों ने महिला के पास से ६८१ ग्राम सोने की एक बार भी बरामद की जिसकी कीमत लगभग ५०.०३ लाख रुपये है। यह सोना दुबई से बैंकॉक होते हुए नेपाल और फिर दिल्ली लाया गया था।यह मामला सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों की सतर्कता के कारण सामने आया जिन्होंने महिला की तलाशी के दौरान सोने के पेस्ट और बार को बरामद किया। तस्करी के इस मामले में महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच की जा रही है।वहीं यह घटना दिल्ली एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी की बढ़ती घटनाओं का संकेत देती है और सीमा शुल्क अधिकारियों द्वारा इस तरह की तस्करी को रोकने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

