वाराणसी: बारात में डीजे वाहन की चपेट में आने से दूल्हे के जीजा की मौत, चालक व मालिक पर केस

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। राजातालाब क्षेत्र में बारात के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। डीजे वाहन की चपेट में आने से दूल्हे के जीजा की मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने डीजे वाहन चालक और मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नरसड़ा गांव में रविवार को पेड़ा लाल सोनकर की बेटी की शादी थी। गोरवरा नई बाजार से बारात आई थी। द्वारचार की रस्म के दौरान डीजे वाहन के पिछले टायर की चपेट में आकर महमूरगंज निवासी गोलू सोनकर (28) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल युवक को तुरंत बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक दूल्हे के जीजा थे।हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। गोलू सोनकर की पत्नी रवीना का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके परिवार में पांच साल का बेटा और चार साल की बेटी है।
इस घटना के बाद शादी की रस्में भी पूरी नहीं हो सकीं। सोमवार सुबह वधू और वर पक्ष के लोग राजातालाब थाना पहुंचे और डीजे संचालक व चालक की गिरफ्तारी की मांग की। बताया जा रहा है कि वाहन का टायर युवक के सिर, मुंह और दाहिने हाथ पर चढ़ गया था, जिससे उसे गंभीर चोटें आई थीं।मामले में नरसड़ा निवासी सुनील कुमार सोनकर की शिकायत पर पुलिस ने डीजे वाहन चालक (नाम-पता अज्ञात) और डीजे मालिक पंकज निवासी हरसोस के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

