हर्षवर्धन सपकाल बने महाराष्ट्र कांग्रेस के नए अध्यक्ष

मुंबई, जनमुख न्यूज़। महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों में करारी हार का सामना करने के दो महीने बाद, कांग्रेस नेतृत्व ने गुरुवार को पूर्व पार्टी विधायक हर्षवर्धन सपकाल को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एमपीसीसी) का अध्यक्ष नियुक्त किया।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गुरुवार को पूर्व विधायक हर्षवर्धन सपकाल को महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया। वह वर्तमान अध्यक्ष नाना पटोले की जगह लेंगे, जिन्होंने हाल ही में पार्टी हाईकमान को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार के बाद पार्टी के प्रदेश संगठन में यह बड़ा बदलाव हुआ है।
सपकाल के सामने पार्टी संगठन में नई जान फूंकने और भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति से मुकाबला करने के लिए सभी गुटों को एक साथ लाकर अपनी पुरानी प्रतिष्ठा को फिर से हासिल करने की बड़ी चुनौती है। उनकी नियुक्ति पिछले साल महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में पार्टी की करारी हार के करीब ढाई महीने बाद की गई है। पटोले के नेतृत्व में लड़ी पार्टी विधानसभा की 288 में से महज 16 सीटें ही जीत पाई थी।
दूसरी ओर, कांग्रेस आलाकमान ने पार्टी के दिग्गज नेता और पूर्व नेता प्रतिपक्ष विजय वडेट्टीवार को कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया है।

