जौनपुर में दिल दहला देने वाली घटना: पारिवारिक कलह से तंग आकर मां ने पांच माह के बच्चे की हत्या की

जौनपुर, जनमुख न्यूज़। जिले की सीमा से सटे जंघई क्षेत्र के सरायममरेज थाना अंतर्गत पिलखिनी गांव के पूरे जयसिंह बस्ती में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद से परेशान एक महिला ने अपने पांच माह के दुधमुंहे बच्चे की हत्या कर दी और शव को महुआ के पत्तों के नीचे छिपा दिया।जानकारी के अनुसार पिलखिनी गांव निवासी संतोष यादव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसकी पत्नी मनोरमा अपने पांच माह के बेटे ईश्वर के साथ घर पर रहती थी। बुधवार शाम जब संतोष मजदूरी कर घर लौटा तो उसे बच्चा घर में नहीं मिला। पूछने पर पत्नी ने गुस्से में कहा कि उसने बच्चे को मारकर तालाब के पास फेंक दिया है।इसके बाद संतोष बच्चे की तलाश में तालाब के पास गया, लेकिन वहां कुछ पता नहीं चला। घर लौटकर जब उसने दोबारा पत्नी से सख्ती से पूछताछ की तो महिला ने बताया कि उसने बच्चे के शव को पशुशाला में महुआ के पत्तों के नीचे छिपा दिया है। मौके पर पहुंचकर संतोष ने शव देखा तो वह स्तब्ध रह गया।घटना की सूचना मिलने पर अतुल कुमार मिश्रा (थानाध्यक्ष, सरायममरेज) और जंघई चौकी इंचार्ज शरद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।ग्रामीणों के अनुसार पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। दोनों की शादी करीब दो वर्ष पहले हुई थी और मनोरमा संतोष यादव की दूसरी पत्नी है।
पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पारिवारिक कलह से तंग आकर महिला ने अपने ही बच्चे की हत्या कर दी। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

