आजमगढ़–गाजीपुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ओमनी पेड़ से टकराई; दो की मौत, एक गंभीर

आजमगढ़, जनमुख न्यूज़। आजमगढ़–गाजीपुर मार्ग पर नगर पंचायत जहानागंज बाजार क्षेत्र के भुजही मोड़ से आगे रविवार सुबह करीब 6:30 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गाजीपुर से आजमगढ़ की ओर जा रही मारुति ओमनी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। इसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी। ओमनी में कुल तीन लोग सवार थे। मृतकों की पहचान शशि सिंह (40) निवासी ग्राम सेमऊर, थाना जखनियां (गाजीपुर) और तौफीक (25) निवासी दुल्लहपुर के रूप में हुई है। शशि सिंह जखनियां बाजार में ‘प्रिन्सी गारमेंट्स’ नाम से कपड़े की दुकान चलाते थे, जबकि तौफीक दुल्लहपुर में कपड़ा व जूता-चप्पल की दुकान के संचालक थे।
हादसे में वाहन चालक बुलेट (30), निवासी दुल्लहपुर, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही थाना जहानागंज पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना प्रतीत हो रहा है।
परिजनों के अनुसार तीनों लोग खलीलाबाद से कंबल लेकर वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। मृतक शशि सिंह तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके परिवार में पत्नी सुषमा सिंह और एक पुत्र हर्ष सिंह हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी सुषमा सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है।

