यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, बस से उतरे यात्रियों को कंटेनर ने रौंदा, 6 की मौत

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुरीर थाना क्षेत्र में माइल स्टोन 88 के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने बस से उतरकर खड़े यात्रियों को कुचल दिया। इस हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसा शनिवार सुबह करीब 2:45 बजे हुआ। दिल्ली से कानपुर जा रही बस के कुछ यात्री लघुशंका के लिए एक्सप्रेस-वे पर उतरे थे। आरोप है कि बस चालक ने यात्रियों को निर्धारित ‘ग्रीन जोन’ में न रोककर सड़क किनारे ही बस खड़ी कर दी। इसी दौरान पीछे से आए कंटेनर ने पहले बस को जोरदार टक्कर मारी और फिर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े यात्रियों को रौंदते हुए आगे बढ़ गया।
हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया, वहीं घायल यात्री का इलाज जारी है। पुलिस ने मार्ग को सुचारू कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि असुरक्षित स्थान पर बस रोके जाने के कारण हादसा हुआ। एक्सप्रेस-वे पर केवल निर्धारित ‘ग्रीन जोन’ में ही वाहन रोकने के निर्देश हैं। इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से हो रहे हादसों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।

