बेहट में भीषण सड़क हादसा: कार पेड़ से टकराई, दो सगे भाइयों समेत चार की मौके पर मौत

सहारनपुर, जनमुख न्यूज़। बेहट क्षेत्र में शाकंभरी रोड पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। धर्म सिंह जगदीश सिंह महाविद्यालय के सामने मोड़ पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले लोहे के एंगल से टकराई और फिर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक, चिलकाना थाना क्षेत्र के गांव तिडफवा निवासी विजय अपने भाई डॉ. मनीष और दो अन्य साथियों के साथ कार से बेहट की ओर जा रहे थे। मोड़ पर अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हो गया।
हादसे में विजय, उनके भाई डॉ. मनीष और गागलहेड़ी थाना क्षेत्र के महमूदपुर तिवाई निवासी जितेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। चौथे मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। उसकी जेब से ‘रामू हलवाई’ नाम की पर्ची मिली है, जिसके आधार पर पुलिस पहचान करने का प्रयास कर रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर की भयावहता देखकर हर कोई सिहर उठा। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

