जौनपुर में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक से टकराई रोडवेज बस, चालक की मौत, 9 यात्री गंभीर घायल

जौनपुर, जनमुख न्यूज़। जिले के मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र में प्रयागराज-मुंगराबादशाहपुर हाईवे पर शनिवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोदहूं गांव के पास सिविल लाइन्स डिपो की एक रोडवेज बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में करीब 35 से अधिक यात्री सवार थे और वह प्रयागराज से टांडा की ओर जा रही थी। कोदहूं के पास पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को बस से निकालकर एंबुलेंस के जरिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुंगराबादशाहपुर भेजा गया, जबकि एक गंभीर घायल को सीएचसी सतहरिया में भर्ती कराया गया है।हादसे में बस चालक सतीश गुप्ता (45) निवासी खुटहन थाना क्षेत्र की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल यात्रियों में राकेश कुमार, मयंक सिंह, अनिल पटेल, राजकुमार, रामचंद्र निषाद, सूरज कुमार, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार यादव और नीरज बिंद शामिल हैं, जिनका इलाज जारी है।पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में बस के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हालांकि दुर्घटना के सही कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

