जिनका मन ‘विद्वेष’ से भरा है, वो ‘देश’ क्या चलाएंगे : अखिलेश यादव

लखनऊ,जनमुख न्यूज। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग संविधान को अपना सबसे बड़ा विरोधी मानते हैं क्योंकि ये उनकी मंशा के खिलाफ ढाल बनकर खड़ा है।अखिलेश यादव ने एक्स पर जारी बयान में कहा कि जिनका मन ‘विद्वेष’ से भरा है, वो ‘देश’ क्या चलाएंगे। आज जो हुआ वो सिर्फ बाबासाहेब का ही नहीं, उनके दिये संविधान का भी अपमान है। ये भाजपा की नकारात्मक मानसिकता का एक और चरम बिंदु है।देश ने आज जान लिया है कि भाजपाइयों के मन में बाबासाहेब को लेकर कितनी कटुता भरी है। भाजपाई बाबासाहेब के बनाये संविधान को अपना सबसे बड़ा विरोधी मानते हैं क्योंकि उनको लगता है कि वो जिस प्रकार गरीब, वंचित, दमित का शोषण करके, उनके ऊपर अपना प्रभुत्व कायम करना चाहते हैं, उनकी इस बद मंशा के आगे संविधान ढाल बनकर खड़ा है।

