पत्नी की गला घोंंट कर पति ने की हत्या

मुरादाबाद, जनमुख न्यूज। मूंढापांडे थाना क्षेत्र के सिहोरा बाजे में बुधवार सुबह एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। महिला ने पहले पति को तलाक देकर चार माह पहले ही सुबहान से प्रेम विवाह किया था। महिला के गले और शरीर पर चोटों के निशान हैं। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है।हत्या के बाद आरोपी पति समेत कई ससुराल वाले घर से भाग गए। रामपुर जनपद के अजीमनगर थाना क्षेत्र के खेमपुर निवासी मेहनाज (२४) की शादी चार साल पहले तेलीपुरा निवासी युवक के साथ हुई थी। इसी बीच मेहनाज के प्रेम संबंध मूंढापांडे के सिहोरा बाजे गांव निवासी सुबहान के साथ हो गए।सुबहान के गांव में ही मेहनाज के मामा रहते हैं। सुबहान सैलून पर काम करता है। प्रेम प्रसंग के बाद मेहनाज सुबहान के साथ फरार हो गई थी। इस मामले में अजीमनगर थाने में उसके मायके वालों ने केस दर्ज कराया था। इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया था। हालांकि, इस घटना के बाद पहले पति ने मेहनाज को तलाक दे दिया था।

