इगा स्वियातेक ने रचा इतिहास, विंबलडन जीतकर पूरा किया करियर ग्रैंडस्लैम का सपना

नई दिल्ली, स्पोर्ट्स न्यूज़। पोलैंड की स्टार टेनिस खिलाड़ी इगा स्वियातेक ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्ष 2025 के तीसरे ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट विंबलडन का महिला एकल खिताब अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने अमेरिका की अमांडा एनिसिमोवा को महज 57 मिनट में सीधे सेटों में 6-0, 6-0 से हराया। यह विंबलडन इतिहास में 114 वर्षों में पहला मौका है जब महिला एकल फाइनल में कोई खिलाड़ी एक भी गेम जीतने में नाकाम रही हो।
स्वियातेक इस जीत के साथ विंबलडन खिताब जीतने वाली पोलैंड की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। उनके करियर का यह कुल छठा ग्रैंडस्लैम खिताब है। इससे पहले उन्होंने 2020, 2022, 2023 और 2024 में फ्रेंच ओपन तथा 2022 में यूएस ओपन जीता था।
इस फाइनल जीत के साथ स्वियातेक ने बड़े टूर्नामेंटों के फाइनल मुकाबलों में 6-0 का अजेय रिकॉर्ड बना लिया है। एनिसिमोवा फाइनल के दौरान बेहद असहज नजर आईं और उन्होंने 28 अनफोर्स्ड एरर (बेजा गलतियां) कीं, जिससे उन्हें एकतरफा हार झेलनी पड़ी।
इस मुकाबले में स्वियातेक ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की — यह उनकी ग्रैंडस्लैम करियर की 100वीं जीत थी। 2019 में ग्रैंडस्लैम के मुख्य ड्रॉ में पदार्पण करने वाली स्वियातेक का अब तक का रिकॉर्ड 100 जीत और 20 हार का हो गया है।
इस ऐतिहासिक जीत ने न सिर्फ स्वियातेक के करियर को नई ऊंचाई दी है, बल्कि टेनिस इतिहास में भी एक नया कीर्तिमान जोड़ दिया है।

