वाराणसी में दामाद ने ससुर की गला दबाकर हत्या की, जमीन विवाद में हुई वारदात

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। गुरुवार रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां दामाद ने अपने ससुर की गला दबाकर हत्या कर दी। घटना के दौरान आरोपी की पत्नी उसे रोकने की कोशिश करती रही और बच्चे भी चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन आरोपी ने किसी की नहीं सुनी। हत्या के बाद वह घर में ही बैठा रहा।घटना बड़ागांव क्षेत्र में हरहुआ पुलिस चौकी के अंतर्गत हुई। मृतक की पहचान 65 वर्षीय किशोरी के रूप में हुई है। बताया गया कि करीब 13 वर्ष पहले किशोरी ने अपनी बेटी नीतू की शादी भरलाई निवासी संजय कुमार से कराई थी। शादी के बाद से ही संजय अपने ससुर के घर पर रह रहा था।
गुरुवार शाम संजय मजदूरी से लौटकर शराब के नशे में घर पहुंचा। रात करीब आठ बजे जब किशोरी ट्रॉली चलाकर घर लौटे तो संजय ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और हाथापाई होने लगी।नीतू ने बताया कि उसने और बच्चों ने संजय को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने पहले ससुर के सीने पर वार किया और फिर गला दबा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद संजय कमरे में चला गया।
नीतू के शोर मचाने पर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और डॉक्टर को बुलाया, लेकिन डॉक्टर ने किशोरी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मृतक के नाती आयुष ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आरोपी संजय कुमार को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।मामले में प्रवीण कुमार सिंह (थाना प्रभारी, बड़ागांव) ने बताया कि जमीन के पैसे को लेकर ससुर और दामाद के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

