ईशान किशन के शतक से भारत ने रचा इतिहास, न्यूजीलैंड को हराकर टी20 सीरीज 4-1 से जीती

तिरुवनंतपुरम, स्पोर्ट्स न्यूज़। भारत ने पांचवें और आखिरी टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 46 रन से हराकर पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। शनिवार को तिरुवनंतपुरम में खेले गए मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 271 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।भारत की इस धमाकेदार बल्लेबाजी में ईशान किशन ने शानदार शतक जड़ा, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने तेज अर्धशतकीय पारी खेली। यह स्कोर टी20 अंतरराष्ट्रीय में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पहले भारत ने बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाफ इससे बड़े स्कोर बनाए थे।लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम ने आक्रामक शुरुआत की। ओपनर फिन एलन ने मात्र 22 गेंदों में अर्धशतक पूरा करते हुए 38 गेंदों पर 80 रन बनाए। उन्हें रचिन रवींद्र (30 रन) का साथ मिला और दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी हुई। हालांकि एलन के आउट होते ही कीवी पारी की रफ्तार टूट गई।भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद शानदार वापसी की। अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने मध्यक्रम को झकझोर दिया, जबकि अर्शदीप सिंह ने अंतिम ओवरों में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके। न्यूजीलैंड की पूरी टीम 225 रन पर ऑलआउट हो गई।
इससे पहले भारतीय पारी की शुरुआत भले ही साधारण रही, लेकिन ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव की 137 रन की साझेदारी ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। किशन ने सिर्फ 42 गेंदों में अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक पूरा किया। सूर्यकुमार यादव ने 30 गेंदों पर 63 रन बनाते हुए टी20 अंतरराष्ट्रीय में अपने 3000 रन भी पूरे किए। अंतिम ओवरों में हार्दिक पंड्या की तेज पारी ने भारत को 271 रन तक पहुंचाया।बड़े लक्ष्य और भारतीय गेंदबाजों के दबाव में न्यूजीलैंड की टीम अंततः टिक नहीं सकी और भारत ने सीरीज पर दमदार तरीके से कब्जा जमा लिया।

