नौगढ़ में करंट से मासूम की मौत, गीजर रॉड छूते ही 10 वर्षीय छात्रा की गई जान

डमी छायाचित्र
चंदौली, जनमुख न्यूज़। नौगढ़ कस्बे में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पानी गर्म करने वाले गीजर रॉड में करंट उतरने से 10 वर्षीय छात्रा लकी की मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही कस्बे और आसपास के गांवों में सनसनी और शोक का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कस्बा स्थित राजनारायण पांडेय के घर में हुआ। मृतक लकी, अखिलेश की पुत्री थी और मूल रूप से रिजुल, घोरावल (सोनभद्र) की रहने वाली थी। वह अपने नाना राजनारायण के घर नौगढ़ में रहकर पढ़ाई कर रही थी और कक्षा चार की छात्रा थी।
बुधवार सुबह नाना और मामा किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर में लकी और उसकी नानी ही मौजूद थीं। नानी पूजा के लिए पानी गर्म करने हेतु गीजर रॉड चला रही थीं। इसी दौरान लकी नहाने के लिए पानी छूने गई और अनजाने में गीजर रॉड के संपर्क में आ गई। गीजर में करंट प्रवाहित हो रहा था, जिसकी चपेट में आते ही लकी गिर पड़ी।
नानी के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. अवधेश पटेल ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। नानी, नाना और मामा का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक और भय का माहौल है। बड़ी संख्या में लोग पांडेय परिवार के घर पहुंचे। इस हादसे ने घरेलू विद्युत उपकरणों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।

