शहर में गंदगी फैलाने वालों से सख्ती से जुर्माना वसूलने के निर्देश

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के द्वारा आज स्मार्ट सिटी के मीटिंग सभागार में समीक्षा बैठक की गयी। समीक्षा बैठक में मुख्य रूप से आगामी वर्षाऋतु के दृष्टिगत नालों की सफाई एवं शहर की साफ सफाई की समीक्षा बैठक की गयी। बैठक में मुख्य अभियन्ता के द्वारा बताया गया कि शहर में पूर्व से कुल 42 स्थान चिन्हित हैं, जहॉ जलजमाव होती है।
नगर आयुक्त ने निर्देशित किया कि इन 42 स्थानों के अतिरिक्त नव विस्तारित क्षेत्रों में भी सर्वे का कार्य सामान्य अभियन्त्रण विभाग एवं जलकल विभाग संयुक्त रूप से करे, विस्तारित क्षेत्रों में जहॉ जल जमाव की स्थिति पायी जाती है, उन स्थानों को चिन्हित करते हुये नाला सफाई की व्यवस्था एवं कार्ययोजना तैयार की जाय। साथ ही नगर आयुक्त द्वारा नाला सफाई की निविदा तत्काल कराये जाने के निर्देश दिये गये, जिससे समय से कार्य प्रारम्भ किया जा सके। नगर आयुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि इस बार नाले की सफाई का ड्रोन के माध्यम से निगरानी की जायेगी।
नगर आयुक्त द्वारा सफाई व्यवस्था की समीक्षा में निर्देशित किया गया कि शहर के सभी सामुदायिक शौचालयों, सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण कर लिया जाय, इन शौचालयों में साफ सफाई या मरम्मत की आवश्यकता हो तो उसे तत्काल ठीक कराया जाय। नगर आयुक्त द्वारा शहर में स्थित सभी यूरिनलों के भी निरीक्षण कराये जाने के निर्देश दिये गये, जिसमें जो निष्प्रयोज्य हों, उसे हटा कर साफ कराया जाय तथा जो मरम्मत योग्य हों उसे तत्काल मरम्मत कराये जाने के निर्देश दिये गये। गंगा घाटों से निकलने वाले कूड़े के निस्तारण हेतु वृहद कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिये गये।
नगर आयुक्त द्वारा सभी स्वास्थ्य निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि गंदगी करने वाले व्यक्तियों से सख्ती से रु0 250 जुर्माना वसूला जाय, जुर्माना की साप्ताहिक समीक्षा की जायेगी। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की समीक्षा में नगर आयुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि टूलकिट में वर्णित सभी विन्दुओं पर समय से सूचना प्राप्त कर त्वरित गति से कार्यवाही प्रारम्भ की जाय।
बैठक में अपर नगर आयुक्त सविता यादव, संगम लाल, विनोद कुमार गुप्ता, महाप्रबन्धक जलकल अनूप सिंह, मुख्य अभियन्ता आर0के0 सिंह, सभी स्वास्थ्य निरीक्षक उपस्थित थे।

